It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

48 नर्सिंगकर्मियों को नौकरी से निकाला, एमजीएच गेट पर प्रदर्शन कर लगाए प्रिंसिपल हाय-हाय के नारे
By Lokjeewan Daily - 04-06-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी हॉस्पिटल में प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्यरत 48 नर्स ग्रेड-2 कर्मियों को गुरुवार सुबह अचानक नौकरी से निकाल दिया गया। ऐसे में आक्रोशित कर्मचारियों ने एमजीएच एमओटी गेट पर प्रदर्शन कर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल हाय-हाय एवं होश में आओ .. होश में आओ के नारे लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया। कार्मिकों ने बताया कि वे पिछले 2 से 3 वर्षों से एमजी हॉस्पिटल के विभिन्न विभागों, जनरल वार्डों सहित क्रिटिकल एरिया जैसे मेडिकल आईसीयू  और स्टेपडाउन आईसीयू में पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ मरीजों की सेवा कर रहे हैं। वर्तमान में इन सभी 48 कार्मिकों को मात्र 7,320 रुपये मासिक का अल्प वेतन मिल रहा है। इतने कम मानदेय में भी वे मुस्तैदी से डटे हुए हैं, लेकिन अब अचानक नौकरी से हटा दिया गया। ऐसे में वह सब बेरोजगार हो गए है। गुरुवार सुबह उन्हें उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर तक नहीं करने दिए। रजिस्टर ही छीपा दिया गया।  दरअसल, चिकित्सा शिक्षा विभाग (जयपुर) द्वारा हाल ही में जारी एक आदेश के तहत विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में आईसीयू बेड और पदों के रूपांतरण को लेकर प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गई हैं। इस नए बदलाव और राजस्थान के अन्य जिलों से आए आदेशों के पैटर्न को देखते हुए भीलवाड़ा के इन 48 प्लेसमेंट कार्मिकों को की सेवाएं समाप्त की गई हैं। नर्सिंग कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि अस्पताल में मरीजों के भार और उनकी लंबी सेवाओं को ध्यान में रखते हुए फिलहाल उनकी सेवाएं समाप्त न की जाएं। उन्हें वर्तमान वित्तीय वर्ष (2026-27) तक इसी पद पर कार्य करते रहने की अनुमति दिलाई जाए, ताकि उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा न हो। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्लेसमेंट एजेंसी के नर्सिंग कर्मी मौजूद रहे। 

अन्य सम्बंधित खबरे