It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

नेहरू विहार में दो साल से नलों में घुल रही गंदगी, प्रशासन मौन, बाशिंदों का जीना मुहाल
By Lokjeewan Daily - 16-04-2026

- शिकायतों के अंबार के बाद भी नींद में जिम्मेदार
- सेक्टर 16 में दूषित जलापूर्ति से बीमारियों का खतरा
भीलवाड़ा लोकजीवन।  शहर की नेहरू विहार कॉलोनी के सेक्टर 16 में पिछले दो वर्षों से पेयजल संकट और दूषित जलापूर्ति ने आम जन का जीना दुश्वार कर दिया है। भीषण गर्मी के इस दौर में, जहाँ पानी की मांग चरम पर है, वहीं जलदाय विभाग द्वारा नलों में अत्यधिक गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। पिछले दो सालों से लगातार क्षेत्र में दूषित और दुर्गंधयुक्त पानी की आपूर्ति की जा रही है। गुरुवार को भी जब क्षेत्र में पानी की सप्लाई शुरू हुई, तो लगभग आधे घंटे तक नलों से बेहद गंदा पानी निकलता रहा। लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि यदि सरकार स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं करा सकती, तो ऐसी दिखावटी सप्लाई का क्या औचित्य? क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों को कई बार लिखित में शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद, अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अधिकारियों की इस बेरुखी के कारण कॉलोनी के बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। दूषित पानी के सेवन से हैजा, टायफाइड और पेट संबंधी बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। नेहरू विहार सेक्टर 16 के नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पाइप लाइनों की मरम्मत कर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। गर्मी के दिनों में इस तरह की लापरवाही विभाग की कार्य प्रणाली पर बड़े सवालिया निशान खड़े करती है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस ओर ध्यान देता है या जनता को इसी तरह बूंद-बूंद स्वच्छ पानी के लिए तरसना पड़ेगा।

अन्य सम्बंधित खबरे