It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

जयपुर-उदयपुर सुपरफास्ट आज से रोज चलेगी, भीलवाड़ा को फायदा
By Lokjeewan Daily - 15-04-2026

भीलवाड़ा लोकजीवन। गर्मी की छुट्टियों में लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों के लिए राहत भरी व्यवस्था की है। अलग-अलग रूट पर तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है, जिससे राजस्थान से गुजरात, बंगाल और पूर्वी भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जयपुर-उदयपुर सिटी के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन को आज से ही नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में रोज चलाया जा रहा है। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी। रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों और बंगाल में होने वाले चुनाव को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है, ताकि यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सके और भीड़ का दबाव कम किया जा सके।

जयपुर-उदयपुर अब रोज सुपरफास्ट
जयपुर-उदयपुर सिटी स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस बना दिया गया है। गाड़ी संख्या 20993 जयपुर से रोज सुबह 6:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 20994 उदयपुर सिटी से रोज दोपहर 03:05 बजे रवाना होकर रात 10:25 बजे जयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन कनकपुरा, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, भीलवाड़ा, चंदेरिया, कपासन, मावली और राणाप्रतापनगर स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें 2 थर्ड एसी, 2 एसी चेयर कार, 3 स्लीपर, 6 जनरल, 1 पावरकार और 1 गार्ड कोच सहित कुल 15 डिब्बे होंगे।

गांधीधाम-मालदा टाउन साप्ताहिक स्पेशल
गाड़ी संख्या 09463 गांधीधाम-मालदा टाउन साप्ताहिक स्पेशल 19 अप्रैल को गांधीधाम से दोपहर 12:30 बजेे रवाना होकर मंगलवार सुबह 09:10 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09464, 21 अप्रैल को मालदा टाउन से शाम 05:35 बजे रवाना होकर गांधीधाम पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में सामाख्याली, राधनपुर, भीलड़ी, पालनपुर, आबूरोड, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, पटना, किऊल, अभयपुर, जमालपुर, सुल्तानगंज, भागलपुर, कहलगांव, साहिबगंज, बड़हरवा और न्यू फरक्का स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 13 स्लीपर, 2 जनरल और 2 गार्ड कोच सहित कुल 20 डिब्बे लगाए गए हैं।

साबरमती-आसनसोल एसी स्पेशल, जयपुर होकर गुजरेगी
साबरमती-आसनसोल साप्ताहिक एसी स्पेशल ट्रेन 17 और 24 अप्रैल को साबरमती से रात 10:55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:30 बजे जयपुर पहुंचेगी और 08:40 बजे आगे के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन रविवार दोपहर 01:15 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में 19 और 26 अप्रैल को आसनसोल से शाम 04:10 बजे रवाना होकर सोमवार रात 08:30 बजे जयपुर पहुंचेगी और 08:40 बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 07:15 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह ट्रेन महेसाना, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह, टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय, सासाराम, गया, कोडरमा और धनबाद स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में 18 थर्ड एसी और 2 पावरकार सहित कुल 20 डिब्बे लगाए गए हैं।

अन्य सम्बंधित खबरे