It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

देवडूंगरी विवाद : सर्व समाज ने चारभुजा चौक से निकाली रैली, निष्पक्ष जांच की मांग
By Lokjeewan Daily - 21-07-2026

-  मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिजोलिया लोकजीवन । देवडूंगरी भीलपुरिया घाटी स्थित सार्वजनिक धार्मिक स्थल से जुड़े विवाद को लेकर मंगलवार को सर्व समाज के लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी स्वाति झा को ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व बड़ी संख्या में ग्रामीण चारभुजा चौक पर एकत्रित हुए, जहां से रैली निकालकर नगर पालिका चौक, तेजाजी का चौक और बस स्टैंड होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। रैली के दौरान जय श्रीराम एवं महाराणा प्रताप अमर रहें के जयघोष लगाए गए। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन विवाद में एकतरफा कार्रवाई कर रहा है, जिससे सर्व समाज में नाराजगी है। ग्रामीणों ने मांग की कि पूरे मामले की राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। ज्ञापन में बताया गया कि देवडूंगरी स्थित सार्वजनिक धार्मिक स्थल पर भगवान श्री देवनारायण मंदिर, श्री हनुमानजी मंदिर, अन्य चबूतरे तथा माता बांक्या रानी का स्थान वर्षों से सर्व समाज की आस्था का केंद्र रहा है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा सार्वजनिक भूमि पर कब्जा अथवा निर्माण को लेकर उत्पन्न विवाद की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। एसडीएम स्वाति झा ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों के ज्ञापन प्राप्त हुए हैं। सभी तथ्यों, दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

अन्य सम्बंधित खबरे