It is recommended that you update your browser to the latest browser to view this page.

Please update to continue or install another browser.

Update Google Chrome

अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर निशाना, बोले- 'डराना-धमकाना कामयाब नहीं होगा'
By Lokjeewan Daily - 01-06-2026

कोलकाता । लोकसभा सांसद और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपने ऊपर हुए हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि डराना-धमकाना कामयाब नहीं होगा। हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे। इसके साथ ही, अभिषेक बनर्जी ने राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल की ओर से समर्थन मिलने पर उनका आभार व्यक्त किया। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट लिखा, "मैं कपिल सिब्बल का आभारी हूं कि उन्होंने सच का साथ दिया और ऐसे समय में अपनी बात रखी, जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।" अभिषेक बनर्जी ने आगे लिखा, "भाजपा शांति का उपदेश देने का कोई भी मौका नहीं छोड़ती, लेकिन उसके काम कुछ और ही कहानी कहते हैं। बार-बार, हिंसा, डराना-धमकाना और राजनीतिक आक्रामकता उन लोगों के हथियार बन गए हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के रक्षक होने का दावा करते हैं। उनका पाखंड अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है।"
उन्होंने कहा कि यह (भाजपा) एक ऐसी पार्टी है, जिसकी पहचान गुंडों और असामाजिक तत्वों से होती है। ये लोग राज्य और केंद्र, दोनों ही सरकारों की शह पर काम करते हैं। टीएमसी सांसद ने पोस्ट में लिखा, "देश ने जो देखा, वह गिरावट की एक नई मिसाल थी। लेकिन डराना-धमकाना कामयाब नहीं होगा। हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे, लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा करेंगे और भारत की जनता के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। कितनी भी हिंसा या डर हमें संविधान और उसके मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता से डिगा नहीं सकता।"
इससे पहले, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, "भाजपा अपने शब्दों और कर्मों, दोनों में ही हिंसा का प्रतीक है। अभिषेक पर हुआ यह निंदनीय हिंसक हमला यह दर्शाता है कि भाजपा ऐसे असामाजिक तत्वों से भरी हुई है, जिनका सनातन धर्म से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। अधर्म ही उनकी जीवन शैली है।"
बता दें कि शनिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। वे चुनाव के बाद शनिवार को हिंसा में मारे गए एक तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने सोनारपुर गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया। प्रदर्शनकारियों के एक ग्रुप ने उनके काफिले पर अंडे व ईंट के टुकड़े फेंके और नारे लगाए थे।

अन्य सम्बंधित खबरे